Badrinath Dham:
जयकारों के साथ खुले विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ के कपाट,
भव्यता के साथ फूलों से सजाया गया मंदिर

भक्ति डेस्क – विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम के कपाट विधिविधान के साथ मंत्रोच्चार से भक्तों के लिए आज से खोल दिए गए हैं। इस मौके पर बद्रीनाथ मंदिर को भव्यता के साथ फूलों से सजाया गया है। बता दें कि मंदिर के दरवाजे आज सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर खोले गए। इस दौरान भक्त झूमते नाचते नजर आए। मंदिर में भक्तों के जयकारे भी सुनाई दिए। इसी के साथ चार धाम के चारों मंदिर के पट खुल गए हैं। इससे पहले 25 अप्रैल को सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए थे। वहीं 22 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खोले गए थे।
भगवान विष्णु को समर्पित मंदिर
बद्रीनाथ मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है। यह मंदिर उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित है। केदारनाथ से बद्रीनाथ की दूरी लगभग 245 किलोमीटर है। यहां से सड़क मार्ग से जाने में करीब 7 से 8 घंटे का समय लगता है। इसके अलावा हेलीकॉप्टर से जाने के लिए केदारनाथ के पास फाटा, गुप्तकाशी या सिरसी हेलिपैड से हेलीकाप्टर बुक करना पड़ता है।